पंजाब कांग्रेस ने ईडी कार्यालय के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन, वड़िंग बोले- “मोदी गांधी परिवार की छवि बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं
चंडीगढ़, 16 अप्रैल(वरिष्ठ ब्यूरो प्रमुख नरेन्द्र चावला):पंजाब कांग्रेस ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दायर आरोपपत्र के विरोध में किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पंजाब कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने किया। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता पंजाब कांग्रेस भवन से मार्च करते हुए सेक्टर 9 स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हाथों में तख्तियां-बैनर लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। इस अवसर पर वड़िंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “मोदी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और गांधी परिवार के खिलाफ झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।”
वड़िंग ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी मीडिया के साथ मिलकर ईडी का दुरुपयोग कर रहे हैं और सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ भ्रष्टाचार की झूठी धारणा बनाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को भी पता है कि इस केस में कुछ नहीं है और यह कानूनी रूप से टिक नहीं पाएगा।
उन्होंने पूछा, “अगर कोई धन लूटा गया है, जैसा मोदी आरोप लगाते हैं, तो वह धन कहां है?”
वड़िंग ने दावा किया कि गांधी परिवार ने देश के लिए जो कुर्बानियां दी हैं, उनकी बराबरी मोदी सात जन्मों में भी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि अब मोदी सिर्फ गांधी परिवार की छवि खराब करने और परपीड़क आनंद लेने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रदर्शन में कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे, जिनमें प्रताप सिंह बाजवा (सीएलपी नेता), सुखजिंदर सिंह रंधावा (पूर्व उप मुख्यमंत्री), शेर सिंह घुबाया (सांसद), जसबीर सिंह डिंपा (पूर्व सांसद), राणा गुरजीत सिंह, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, गुरकीरत सिंह, रजिया सुल्ताना, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, हंस राज जोसन, मोहिंदर कुमार रिणवा (पूर्व मंत्री), कुलजीत सिंह नागरा, हरदयाल सिंह कंबोज, मदन लाल जलालपुर, राजिंदर सिंह समाना, दविंदर सिंह घुबाया, इंदरबीर सिंह बोलारिया, परमिंदर सिंह पिंकी, लखवीर सिंह लक्खा (पूर्व विधायक), हरिंदर सिंह हैरी मान, दीपिंदर सिंह ढिल्लों, विक्रम सिंह बाजवा, गगनदीप सिंह बॉबी (चेयरमैन आरजीपीआरएस), कुलदीप सिंह वैद (चेयरमैन एससी विभाग), पंजाब महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा, अजय मंगूपुर (जिला अध्यक्ष एसबीएस नगर), अश्वनी शर्मा (जिला अध्यक्ष रोपड़), गुरतेज सिंह पन्नू (अध्यक्ष सोशल मीडिया), भगवंत पाल सिंह सच्चर (पूर्व जिला अध्यक्ष अमृतसर ग्रामीण), पीसीसी महासचिव कैप्टन संदीप सिंह संधू और कामिल अमर सिंह रायकोट प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इस प्रदर्शन ने पंजाब में कांग्रेस की एकजुटता और गांधी परिवार के प्रति निष्ठा को एक बार फिर उजागर कर दिया है। पार्टी ने साफ कर दिया कि वह केंद्र की “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” के खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।