LatestNewsReligious

शैक्षिक उत्कृष्टता का उत्सव : संत निरंकारी शैक्षणिक संस्थानों का भव्य वार्षिक समारोह संपन्न

नई दिल्ली, 09 दिसम्बर 2025 – संत निरंकारी शैक्षणिक संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और सांस्कृतिक प्रतिभा का भव्य उत्सव राजधानी के ताल कटोरा इनडोर स्टेडियम में बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संत निरंकारी पब्लिक स्कूल, अवतार एन्क्लेव की सफल 30 वर्षीय शिक्षण यात्रा का उत्सव रहा, जिसमें “किताबें करती हैं बातें” विषय को रचनात्मक स्वरूप में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में निरंकारी मिशन के छात्रों ने नृत्य, नाटक, संगीत और विभिन्न कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सभागार में उपस्थित दर्शकों ने छात्रों की मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासित प्रस्तुति की सराहना की।

इस अवसर पर निरंकारी मिशन की सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज तथा निरंकारी राजपिता रमित जी की पावन उपस्थिति विशेष प्रेरणादायक रही। सतगुरु माता जी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि बेहतर मानव बनना और जीवन मूल्यों को आत्मसात करना है। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चे चाहे किसी भी क्षेत्र—पढ़ाई, खेल या करियर—का चयन करें, उसमें मानवता और नैतिकता सर्वोपरि होनी चाहिए।

कार्यक्रम में आदरणीय जोगिन्दर सुखीजा जी (सचिव, शिक्षा विभाग प्रभारी) ने भी अपनी उपस्थिति से गरिमा बढ़ाई। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी पब्लिक स्कूल सदैव विद्यार्थियों को प्रेम, अनुशासन और मानवीय मूल्यों से भरपूर वातावरण प्रदान करते रहे हैं, जहाँ शिक्षा के साथ-साथ चरित्र-निर्माण को भी समान महत्व दिया जाता है।

समारोह के सफल संचालन की जिम्मेदारी श्रीमती रमन सिंह मनहास (शिक्षा समन्वयक, संत निरंकारी मंडल) ने निभाई। उन्होंने जानकारी दी कि इस वार्षिक कार्यक्रम में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के विभिन्न संत निरंकारी शैक्षणिक संस्थानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें शामिल थे—

  • संत निरंकारी पब्लिक स्कूल: निरंकारी कॉलोनी, तिलक नगर, गोविंदपुरी, मालवीय नगर, नई दिल्ली
  • संत निरंकारी पब्लिक स्कूल, फरीदाबाद (हरियाणा)
  • एस.एन. पब्लिक हाई स्कूल, लुधियाना (पंजाब)
  • एस.एन.सी.एफ. स्कूल, कालेवाल बीट, होशियारपुर (पंजाब)
  • संत निरंकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, निरंकारी कॉलोनी, दिल्ली
  • संत निरंकारी बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, निरंकारी कॉलोनी, दिल्ली
  • संत निरंकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पहाड़गंज, नई दिल्ली

कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती मनहास ने सतगुरु माता जी, निरंकारी राजपिता जी, प्रबंधन, शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया।

इस अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी द्वारा “मिरर-ए-रिफलेक्शन” पुस्तक का शुभ विमोचन भी किया गया। यह पुस्तक आत्मचिंतन, ज्ञान और सकारात्मक जीवन मूल्यों को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण कृति के रूप में प्रस्तुत हुई।

निसंदेह, यह वार्षिक दिवस समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच देने के साथ-साथ शिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रबंधन के समर्पण का भी सम्मान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *