पंजाब कैबिनेट की बैठक में बड़ा फैसला: 3000 पदों पर होगी भर्ती, 6 नई एनआरआई कोर्ट की होगी स्थापना
चंडीगढ़ 13-02-2025:- पंजाब सरकार की कैबिनेट बैठक के बाद वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कांफ्रेंस कर महत्वपूर्ण घोषणाएं की। इस बैठक में सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए विभिन्न विभागों में कुल 3000 पदों पर भर्ती करने का निर्णय लिया है, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा।
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि इन भर्तियों में 2000 पीटीआई टीचरों की भर्ती होगी, जबकि सेहत विभाग में 822 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा, एनआरआई लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के लिए 6 नई कोर्ट स्थापित की जाएंगी।
बैठक में छठे वेतन आयोग के एरियर को लेकर भी चर्चा हुई। वित्त मंत्री ने बताया कि यह एरियर विभिन्न चरणों में 2028 तक दिया जाएगा। हालांकि, यदि पहले बजट में इसके लिए प्रावधान हो जाता है, तो इसकी अदायगी जल्द की जाएगी।
इसके साथ ही, पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र 24 और 25 फरवरी को बुलाया जाएगा। यह कैबिनेट बैठक दोपहर 12 बजे शुरू होकर तीन बजे तक चली।