चंडीगढ़, 7 जुलाई (नरिंदर चावला)। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने सेक्टर-22 स्थित एसर ईवी (Acer EV) शोरूम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग समय की मांग बन गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जल्द ही वे स्वयं इलेक्ट्रिक साइकिल की सवारी करते हुए शहरवासियों को स्वच्छ परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
उद्घाटन समारोह में सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह, डिप्टी मेयर सुमन, इलाका पार्षद दमनप्रीत सिंह, नामित पार्षद उमेश घई, ईबीजी ग्रुप के संस्थापक डॉ. इरफान खान तथा चंडीगढ़ प्रभारी सुरेश गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस दौरान बताया गया कि एसर ईवी के तहत उपलब्ध इलेक्ट्रिक स्कूटी, मोटरसाइकिल और अन्य ईवी वाहन आधुनिक तकनीक, बेहतर रेंज, कम रखरखाव लागत और पर्यावरण-अनुकूल विशेषताओं के साथ ग्राहकों को किफायती परिवहन का विकल्प प्रदान करेंगे।
ईबीजी ग्रुप के संस्थापक डॉ. इरफान खान ने कहा कि समूह वेलनेस इंडस्ट्री के साथ-साथ कई अन्य क्षेत्रों में भी कार्यरत है और अब इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-22 में स्थापित यह नया शोरूम चंडीगढ़ और आसपास के लोगों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद और सेवाओं को अधिक आसान बनाएगा।
वहीं, चंडीगढ़ प्रभारी सुरेश गोयल ने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों और स्वच्छ वातावरण की आवश्यकता के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यह शोरूम ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण ईवी मोटरबाइक, स्कूटी, बेहतर बिक्री-पश्चात सेवाएं और भरोसेमंद तकनीकी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल शहर में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को किफायती और टिकाऊ यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध कराएगी।




