फगवाड़ा, 19 जुलाई (हरमिंदर अरोड़ा) सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद से संत निरंकारी सत्संग भवन, फगवाड़ा में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में 16वें विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 225 यूनिट रक्त एकत्रित कर मानवता की निस्वार्थ सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ फगवाड़ा शाखा के संयोजक श्री मलकीत चंद जी तथा फगवाड़ा हलके के इंचार्ज एवं सांसद श्री राज कुमार चब्बेवाल जी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर संयोजक श्री मलकीत चंद जी ने कहा कि संत निरंकारी मिशन वर्ष 1986 से निरंतर रक्तदान सेवा के माध्यम से मानवता की सेवा कर रहा है। उन्होंने बताया कि मिशन की ओर से देशभर में अब तक 9,000 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 15 लाख से अधिक यूनिट रक्त मानव कल्याण के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि मिशन सदैव “मानव सेवा ही प्रभु सेवा” के आदर्श पर चलते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।
मुख्य अतिथि सांसद श्री राज कुमार चब्बेवाल जी ने संत निरंकारी मिशन की निस्वार्थ सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि मिशन रक्तदान के साथ-साथ स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और प्रोजेक्ट अमृत जैसे जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से समाज और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान जैसे महादान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना अमूल्य योगदान दिया। आयोजन को सफल बनाने में सेवादारों, चिकित्सकों तथा स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही।




