खन्ना, लुधियाना, 29 अगस्त: खन्ना पुलिस की ओर से ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ए.एस. कॉलेज, समराला रोड, खन्ना में ‘दुखती रग पंजाब दी’ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विलेज डिफेंस कमेटियों (VDC) और वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्यों के साथ आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के दौरान हुआ।
‘अक्स रंग मंच’, समराला की ओर से प्रस्तुत इस नाटक में नशे के कारण परिवारों और समाज पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को प्रभावशाली एवं भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटक ने उपस्थित लोगों को नशे की समस्या और इसके सामाजिक दुष्परिणामों पर गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं को नशे से दूर रखना सरकार की प्राथमिकता: सौंद
कार्यक्रम में खन्ना के विधायक एवं पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत, श्रम, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले तथा बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने नाटक की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इसमें नशे के कारण परिवारों और समाज को होने वाले नुकसान को बेहद प्रभावी तरीके से दर्शाया गया है।
कैबिनेट मंत्री सौंद ने कहा कि नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी को बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जागरूकता से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव: एसएसपी
खन्ना की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि नशे के दुरुपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करके समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस जिला खन्ना को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन, परिवारों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा।
एसएसपी ने नशा छोड़ने का प्रयास कर रहे लोगों के लिए परिवार के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशा तस्करों की जानकारी पुलिस को दें और नशे के कारोबार को खत्म करने में पुलिस का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में एसडीएम खन्ना स्वाति टिवाणा, खन्ना पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ जागरूकता, युवाओं की सुरक्षा और समाज की सामूहिक भागीदारी ही नशामुक्त पंजाब की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




