HomePoliticsपंजाब की 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा: सतीश पूनिया

पंजाब की 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा: सतीश पूनिया

चंडीगढ़, 31 अगस्त | नरिंदर चावला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के संगठनात्मक प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सतीश पूनिया ने स्पष्ट किया है कि भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता है।

प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों तथा पंजाब भाजपा के सह-प्रभारी एवं विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह रैना की मौजूदगी में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. पूनिया ने कहा कि पंजाब में संगठन की मौजूदा स्थिति को समझने, उसकी समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भाजपा कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठकों का सिलसिला जल्द शुरू किया जाएगा।

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

डॉ. पूनिया ने बताया कि भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पंजाब सहित पूरे देश में चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य समाज सेवा और जनकल्याण होगा। अभियान के दौरान स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, युवाओं, नवाचार और अन्य सामाजिक मुद्दों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ये कार्यक्रम बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। डॉ. पूनिया ने कहा कि पंजाब में अभियान की संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करना और इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

‘राजनीति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी जरूरी’

डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि राजनीति केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसमें सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का सेवा संकल्प अभियान इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया और कहा कि इस अवसर को समाज सेवा के माध्यम से सार्थक बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत

डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। पार्टी का प्रयास रहेगा कि संगठनात्मक गतिविधियों के केंद्र में कार्यकर्ताओं को रखा जाए।

उन्होंने कहा कि संगठन में पद और चुनाव में टिकट सीमित होते हैं, लेकिन पार्टी लगातार अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी और सम्मान देने का प्रयास करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक मूल्यों के अनुरूप अपनी बात रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित संगठन है और मिशन पंजाब 2027 को सफल बनाने के लिए अनुशासन, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

117 सीटों पर भाजपा अकेले लड़ेगी चुनाव

संभावित राजनीतिक गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. पूनिया ने भाजपा का रुख साफ करते हुए कहा कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक नेता की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को गठबंधन या राजनीतिक समझौते का संकेत नहीं माना जाना चाहिए।

डॉ. पूनिया ने कहा कि वह केंद्रीय नेतृत्व का स्पष्ट संदेश लेकर आए हैं कि भाजपा पंजाब में सभी 117 सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी।

संगठन मजबूत करना भाजपा की पहली प्राथमिकता

डॉ. पूनिया ने कहा कि आने वाले दिनों में जालंधर में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ विस्तृत बैठकें की जाएंगी। इसके अलावा नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर पार्टी की ताकत, चुनौतियों और प्राथमिकताओं को समझा जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की व्यवस्थित समीक्षा करते हुए हर बूथ तक अपनी मौजूदगी मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए व्यापक रोडमैप तैयार करने पर काम करेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब के संगठनात्मक प्रभारी के रूप में उनकी मुख्य भूमिका पार्टी संगठन को मजबूत करने की होगी। जरूरत के अनुसार वे भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और मीडिया के साथ भी नियमित संवाद करते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular