अमृतसर, 1 सितंबर 2026 | डॉ. गौरव कुमार: पंजाब में नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूत करने के लिए लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने नशा मुक्ति मोर्चा के स्वयंसेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक सरकारी मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में ‘गांवों का हाल, मुख्यमंत्री के साथ’ कार्यक्रम के तहत हुई।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पलवी मिश्रा, डीसीपी जसकरणजीत सिंह तेजा, एसएसपी ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल सहित कई अधिकारी और नशा मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जमीनी फीडबैक पर चर्चा
बैठक में नशों के खिलाफ जमीनी स्तर पर चल रही गतिविधियों, लोगों की शिकायतों और सुझावों पर चर्चा की गई। प्रशासन, पुलिस और नशा मुक्ति मोर्चा के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया गया।
हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि नशामुक्त समाज बनाना पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को और तेज किया जाएगा। नशा मुक्ति मोर्चा के स्वयंसेवक विलेज और वार्ड डिफेंस कमेटियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई
मंत्री ने कहा कि सरकार ने नशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशे की लत में फंसे युवाओं को उपचार दिलाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
युवाओं के उपचार और पुनर्वास पर जोर
हरभजन ईटीओ ने अधिकारियों को नशे की लत में फंसे युवाओं की पहचान कर उन्हें सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपचार के साथ पुनर्वास और रोजगार के माध्यम से युवाओं को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने के प्रयासों पर भी जोर दिया।
डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि नशों के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों, विलेज एवं वार्ड डिफेंस कमेटियों और नशा मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा।
नशा मुक्ति मोर्चा माझा जोन के इंचार्ज दीक्षित धवन ने बताया कि स्वयंसेवक लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशों की रोकथाम के लिए लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।
बैठक में अभियान को और मजबूत करने, जमीनी फीडबैक पर तत्काल कार्रवाई करने और प्रशासन, पुलिस तथा नशा मुक्ति मोर्चा के बीच तालमेल बढ़ाने पर सहमति बनी।




