खन्ना, लुधियाना | 1 सितंबर:
पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत खन्ना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब के नजदीक एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर 460 प्रेगाबालिन 300 एमजी कैप्सूल बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देशों पर ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. संदीप कौशिक की अगुवाई में की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खन्ना पुलिस के सहयोग से गरेवाल मेडिकल स्टोर की जांच की।
रिकॉर्ड नहीं दिखा सका केमिस्ट
जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से प्रेगाबालिन 300 एमजी के 460 कैप्सूल बरामद हुए। जब इन दवाओं की बिक्री और स्टॉक से संबंधित रिकॉर्ड मांगा गया तो मेडिकल स्टोर संचालक कोई संतोषजनक रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर रछपाल सिंह, निवासी गांव कोट पानेच, हाल निवासी गुरु हरिकृष्ण नगर, खन्ना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से कैप्सूल के अलावा 16,500 रुपये की ड्रग मनी भी बरामद हुई।
मेडिकल स्टोर किया गया सील
कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार अगले आदेश तक स्टोर बंद रहेगा। ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. संदीप कौशिक ने बताया कि मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करने के लिए भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी पर पहले भी दर्ज है मामला
ड्रग इंस्पेक्टर के अनुसार रछपाल सिंह का पहले का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ 12 अगस्त 2023 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें नशीली दवाओं की बरामदगी हुई थी। इस मामले में वह करीब चार महीने लुधियाना जेल में रहा और 8 दिसंबर 2023 को रिहा हुआ था।
अधिकारियों के मुताबिक नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर दोबारा शिकायतें मिलने के बाद मेडिकल स्टोर पर यह कार्रवाई की गई।
नशा बेचने वालों को नहीं बख्शेंगे: एसएसपी
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि खन्ना पुलिस की नशे के खिलाफ जंग लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से ऐसे मेडिकल स्टोरों और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान स्पेशल ब्रांच के इंचार्ज जर्नैल सिंह, सदर थाना एसएचओ पवित्र सिंह, महिला सब इंस्पेक्टर जसप्रीत कौर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




