अकाली दल के मोहाली बीसी विंग जिला अध्यक्ष ने थामा भाजपा का दामन, रणजीत सिंह गिल की रही अहम भूमिका
मोहाली/चंडीगढ़, 29 अक्टूबर (नरिंदर चावला)। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब शिरोमणि अकाली दल के बीसी विंग के जिला मोहाली अध्यक्ष चौधरी श्याम लाल गुज्जर अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। खरड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव गुड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया और उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट, हरियाणा सरकार के चेयरमैन चौधरी ओम प्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। केवल सिंह ढिल्लों ने चौधरी श्याम लाल गुज्जर और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से भाजपा संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी में सभी को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। यही कारण है कि विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोग पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने गुज्जर समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस समुदाय की पंजाब की तरक्की में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर सरकार पर निशाना
पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा, गैंगस्टरवाद, फिरौती, हत्याओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही हैं। उन्होंने राज्य के बढ़ते कर्ज और खराब वित्तीय स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आए दिन गोलीबारी और हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने मानसा के परमिंदर सिंह झोटा और गांव भम्मे कलां के युवक दलजीत जीतू के मामलों का भी उल्लेख किया तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की जरूरत पर जोर दिया।
2029 तक नशामुक्त पंजाब का लक्ष्य
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की आने वाली पीढ़ियों को नशे से बचाना आज सबसे बड़ी चुनौती है। यदि युवा पीढ़ी सुरक्षित नहीं होगी तो विकास और दूसरी सुविधाओं का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के माध्यम से राज्य को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के अभियानों के साथ मिलकर 31 दिसंबर 2029 तक नशे के खात्मे के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है।
अंत में केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह सरकार की जरूरत है। उन्होंने भाजपा को राज्य की समस्याओं का समाधान करने में सक्षम बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।




