HomePunjabखन्ना पुलिस का शानदार ऑपरेशन: 24 घंटे में चार लापता लड़कियां सुरक्षित...

खन्ना पुलिस का शानदार ऑपरेशन: 24 घंटे में चार लापता लड़कियां सुरक्षित मिलीं

खन्ना, 4 जून 2026:- पुलिस जिला खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया (आईपीएस) के कुशल नेतृत्व और खन्ना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते चार लापता लड़कियों को मात्र 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इस सराहनीय सफलता के बाद गांव सियाड़ की पंचायत और ग्रामीणों ने खन्ना पुलिस की जमकर प्रशंसा करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति अपना विश्वास और मजबूत होने की बात कही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि 2 जून 2026 को गांव सियाड़ की चार लड़कियां, जिनमें तीन नाबालिग बहनें भी शामिल थीं, दोपहर करीब 12:30 बजे अपने परिजनों को बिना बताए घर से चली गई थीं। देर शाम लगभग 8:30 बजे परिजनों ने पुलिस को उनकी गुमशुदगी की सूचना दी।

परिजनों ने आशंका जताई कि लड़कियां सतनाम नामक व्यक्ति के साथ गई हो सकती हैं, जो उनके परिचितों में शामिल था और अक्सर उनके घर आता-जाता था। सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देशों पर मलौद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

डीएसपी चीमा ने बताया कि पुलिस द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया और आधुनिक तकनीकी साधनों की मदद से जांच शुरू की गई। 3 जून को पुलिस ने गांव सियाड़ और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें यह पुष्टि हुई कि चारों लड़कियां एक थ्री-व्हीलर में सवार होकर गांव से बाहर गई थीं।

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने सतनाम की लोकेशन फिरोजपुर में ट्रेस की। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने एक ऐसे मोबाइल नंबर की जानकारी दी जिसका इस्तेमाल लापता लड़कियों में से एक कर रही थी। हालांकि वह नंबर उस समय बंद था, लेकिन पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी रही।

जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग तब मिला जब लापता लड़कियों में से एक ने किसी अज्ञात व्यक्ति के मोबाइल फोन से सतनाम से संपर्क किया और नई सिम लेने के लिए ओटीपी प्राप्त किया। खन्ना पुलिस की तकनीकी टीम ने तुरंत उस मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो अंबाला में पाई गई।

सूचना मिलते ही एसएचओ मलौद अपनी टीम के साथ अंबाला पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया गया।

डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने कहा कि यह सफलता खन्ना पुलिस की पेशेवर कार्यशैली, आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा और बच्चों की भलाई खन्ना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उधर, गांव सियाड़ की सरपंच लवप्रीत कौर सहित पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने खन्ना पुलिस की इस कार्रवाई की खुले दिल से सराहना की। पंचायत ने कहा कि पुलिस ने बेहद कम समय में चारों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर परिवारों को बड़ी राहत पहुंचाई है। ग्रामीणों ने एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया, डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा तथा पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से खन्ना पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments