HomePunjabनशा मुक्त पंजाब अभियान को मिली रफ्तार, विधायक नीना मित्तल ने राजपुरा...

नशा मुक्त पंजाब अभियान को मिली रफ्तार, विधायक नीना मित्तल ने राजपुरा से छह प्रचार ऑटो किए रवाना

राजपुरा, 12 जून (सुशील कुमार सिंधी)। पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त पंजाब” अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजपुरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक नीना मित्तल के नेतृत्व में छह प्रचार ऑटो रवाना किए गए। ये प्रचार वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशा बेचने वालों और नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित करेंगे।

इस अवसर पर विधायक नीना मित्तल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और राज्य सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और जिले में विशेष समितियों का गठन किया गया है, जो लोगों के बीच जाकर नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चला रही हैं।

उन्होंने कहा कि राजपुरा की टीम गांव-गांव, गली-गली और घर-घर पहुंचकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कर रही है। यदि किसी व्यक्ति को नशा बेचने वालों के बारे में जानकारी है या कोई युवा नशे की गिरफ्त में है, तो वह बिना किसी डर के इसकी सूचना प्रशासन तक पहुंचा सकता है।

विधायक ने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को नशा मुक्ति केंद्रों में भेजकर उनका उपचार कराया जाएगा ताकि वे समाज की मुख्यधारा में लौटकर सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

नीना मित्तल ने बताया कि कई लोग भय या संकोच के कारण नशा तस्करों के बारे में जानकारी साझा नहीं कर पाते। ऐसे लोगों की सुविधा के लिए प्रचार ऑटो के माध्यम से गोपनीय रूप से सूचनाएं देने की व्यवस्था की गई है। नागरिक अपनी जानकारी पर्ची पर लिखकर दे सकते हैं, जिस पर संबंधित विभागों द्वारा उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त अभियान चला रही है। यदि कोई व्यक्ति नशा बेचने या फैलाने में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और पंजाब को नशे की समस्या से मुक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनाने में सरकार और प्रशासन का सहयोग करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments