मोहाली, 19 जून 2026 (नरेंद्र चावला): पंजाब सरकार ने कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राज्य में पांच वर्किंग वूमेन हॉस्टलों का निर्माण कराया जा रहा है।
इस संबंध में पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सेक्टर-66, मोहाली में सात मंजिला वर्किंग वूमेन हॉस्टल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह भी मौजूद रहे।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि इस हॉस्टल का निर्माण लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है और इसे लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद यह पंजाब का सबसे बड़ा सरकारी वर्किंग वूमेन हॉस्टल होगा, जिसमें 484 कामकाजी महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी।
उन्होंने बताया कि हॉस्टल में महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सिंगल रूम, डबल ऑक्यूपेंसी रूम और डॉर्मिटरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा बच्चों के साथ रहने वाली महिलाओं के लिए क्रेच सुविधा तथा मनोरंजन के लिए इनडोर रिक्रिएशन सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके।
मंत्री ने जानकारी दी कि मोहाली में यह तीसरा वर्किंग वूमेन हॉस्टल है। इससे पहले निफ्ट मोहाली, फेज-1 में 150 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल 25.26 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है। वहीं, सेक्टर-79 मोहाली में 100 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल 12.57 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है।
इसके अलावा जालंधर के गांधी विनिता आश्रम में 100 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल 10.11 करोड़ रुपये की लागत से तथा अमृतसर में 150 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल 27.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है। डॉ. बलजीत कौर ने विश्वास जताया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन हॉस्टलों में कामकाजी महिलाओं को बेहद नाममात्र और किफायती किराये पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे घर से दूर नौकरी करने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें सुरक्षित रहने का विकल्प प्राप्त होगा।
महिला कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मंत्री ने बताया कि बठिंडा में 100 महिलाओं की क्षमता वाला वर्किंग वूमेन हॉस्टल पहले से ही रेड क्रॉस भवन में किराये के आधार पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी ऐसी सुविधाओं की मांग होगी, वहां सरकार आवश्यक व्यवस्थाएं करने के लिए तैयार है।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डॉ. बलजीत कौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तेजी से विकसित हो रहे मोहाली शहर में यह परियोजना विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली महिला पेशेवरों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। साथ ही यह महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. शैना अग्रवाल, विशेष सचिव केशव हिंगोनिया, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सोनम चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निखिल अरोड़ा तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता रणजीत सिंह सिद्धू सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
पंजाब सरकार की यह पहल राज्य में महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे नौकरी, शिक्षा और अन्य पेशेवर कारणों से अपने घरों से दूर रहने वाली महिलाओं को काफी सुविधा मिलेगी।




