लुधियाना, 22 जून (नरेंद्र चावला)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के पूर्व उप-कुलपति एवं पद्मश्री सम्मानित कृषि विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. जौहल से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की।
यह मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘विशिष्ट व्यक्तियों से संपर्क अभियान’ के तहत की गई। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों तथा प्रदेश महासचिव अनिल सरीन भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। नितिन नबीन ने केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में लागू की गई योजनाओं, नीतियों और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के संबंध में डॉ. जौहल से सुझाव भी प्राप्त किए।
इस दौरान डॉ. एस.एस. जौहल ने केवल सिंह ढिल्लों के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि दोनों के बीच समय-समय पर किसान हितों और कृषि संबंधी मुद्दों पर सार्थक चर्चा होती रही है।
बैठक में कृषि क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों, किसानों की आय बढ़ाने, नई तकनीकों को बढ़ावा देने तथा कृषि को भविष्य के लिए अधिक सक्षम और समृद्ध बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर भाजपा लुधियाना जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान और एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे।




