खन्ना। पुलिस जिला खन्ना में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने काली फिल्म, अवैध जाली, हूटर और लाल-नीली लाइट लगे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आम जनता के साथ-साथ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू होगी।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि कई असामाजिक तत्व वाहनों पर काली फिल्म और जालियां लगाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास करते हैं, जिससे जांच और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए जिलेभर में सख्त निगरानी और नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को मोबाइल नाकाबंदी कर वाहनों की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर ऐसे वाहनों को जब्त भी किया जाएगा।
एसएसपी ने विशेष रूप से कहा कि किसी भी सरकारी वाहन पर काली फिल्म या अवैध जाली नहीं होनी चाहिए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के वाहन में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो उसके खिलाफ भी बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि कानून सबके लिए समान है और किसी को भी विशेष छूट नहीं दी जाएगी।
खन्ना ट्रैफिक पुलिस द्वारा 16 जून से 22 जून के बीच चलाए गए अभियान के दौरान काली फिल्म और जाली लगाने के मामलों में 85 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा पुलिस वाहनों की तरह लाल-नीली लाइट लगाने वाले 4 वाहनों के भी चालान काटे गए हैं।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। उनके इस फैसले की विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का मानना है कि ऐसे अभियानों से अपराधी तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
यह अभियान स्पष्ट संदेश देता है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और नियम सभी के लिए समान रूप से लागू रहेंगे।




