HomePoliticsचंडीगढ़ में RGPRS का सत्याग्रह, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर...

चंडीगढ़ में RGPRS का सत्याग्रह, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर भूख हड़ताल

चंडीगढ़ (नरिंदर चावला): राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (RGPRS) पंजाब द्वारा मंगलवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के मुख्य कार्यालय, सेक्टर-15, चंडीगढ़ में एक दिवसीय भूख हड़ताल और सत्याग्रह आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन संगठन की पूर्व राष्ट्रीय चेयरपर्सन मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्रों को कथित रूप से अवैध और असंवैधानिक तरीके से रद्द किए जाने के विरोध में किया गया।

सत्याग्रह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गगनदीप सिंह बॉबी ने विशेष रूप से भाग लिया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया। इनमें विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली, पूर्व विधायक कुलजीत सिंह नागरा, रुपिंदर सिंह राजा गिल, हैप्पी खैरा, फतेह सिंह बादल और जशन चहल सहित कई प्रमुख नेता शामिल रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए आरजीपीआरएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार और प्रदेश चेयरमैन एडवोकेट जसप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्रों को रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा सत्ताधारी दल के दबाव में रद्द किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के खिलाफ है।

डॉ. पंवार ने कहा कि प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग लोकतंत्र और संविधान की भावना पर सीधा हमला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन न्याय मिलने तक अपने संघर्ष को जारी रखेगा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगा।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह सत्याग्रह सरकार को एक स्पष्ट संदेश है कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी और आरजीपीआरएस का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष करने के लिए तैयार है। नेताओं ने प्रशासनिक तंत्र के कथित दुरुपयोग की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय बताया।

सुबह 9:30 बजे शुरू हुई भूख हड़ताल शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से जारी रही। कार्यक्रम में पंजाब के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और संगठन के प्रति एकजुटता दिखाई।

कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश चेयरमैन एडवोकेट जसप्रीत सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी साथियों के सहयोग और एकजुटता से यह सत्याग्रह सफल और ऐतिहासिक बना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments