HomePunjab'सतलुज' को OTT से हटाने के मामले में केवल ढिल्लों की अपील...

‘सतलुज’ को OTT से हटाने के मामले में केवल ढिल्लों की अपील पर केंद्र सक्रिय

चंडीगढ़, 7 जुलाई (नरिंदर चावला):- पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों की अपील के बाद केंद्र सरकार ने पंजाबी फिल्म ‘सतलुज’ को ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म से हटाए जाने के मामले में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस प्रकरण की जांच और समीक्षा के लिए तीन सदस्यीय समीक्षा समिति को निर्देश जारी किए हैं।

जानकारी के अनुसार, सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने 6 जुलाई को भारत सरकार के समक्ष इस मामले को उठाते हुए फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाए जाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार की मांग की थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने मामले की निष्पक्ष समीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इसे समीक्षा समिति के पास भेज दिया है।

केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब का सिनेमा और उसके कलाकार प्रदेश के इतिहास, संस्कृति और सामाजिक पहचान के सशक्त प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि जब पंजाबी फिल्म उद्योग और आम जनता की ओर से फिल्म ‘सतलुज’ को ओटीटी से हटाए जाने को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आईं, तो उन्होंने अपना दायित्व निभाते हुए यह विषय केंद्र सरकार के समक्ष रखा।

ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मामले को समीक्षा समिति के पास भेजना एक सकारात्मक और सराहनीय निर्णय है। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति विधिसम्मत प्रक्रिया, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरे मामले की व्यापक समीक्षा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर पंजाब के कलाकारों और प्रदेश की जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कानून का शासन सर्वोपरि है, लेकिन इसके साथ-साथ पंजाब के फिल्म जगत और आम लोगों की वास्तविक चिंताओं को भी निष्पक्ष एवं वस्तुनिष्ठ तरीके से सुना जाना चाहिए। भाजपा पंजाब इस विषय पर सभी संबंधित पक्षों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखेगी, ताकि इस मामले का जल्द, न्यायसंगत और संतुलित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

फिल्म ‘सतलुज’ से जुड़े इस घटनाक्रम को पंजाबी फिल्म उद्योग के लिए अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें समीक्षा समिति की जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments