चंडीगढ़ ज़ोन का ज़ोनल निरंकारी बाल समागम मोहाली में श्रद्धापूर्वक संपन्न
मोहाली, 12 जुलाई (नरेंद्र चावला)। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की असीम कृपा से चंडीगढ़ ज़ोन का ज़ोनल निरंकारी बाल समागम संत निरंकारी सत्संग भवन, फेज-6, मोहाली में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में चंडीगढ़ ज़ोन की 25 शाखाओं के सैकड़ों बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रेरणादायक प्रदर्शन किया।
समागम के दौरान बच्चों ने भाषण, कव्वाली, कविता, नाटिका, भजन एवं गीतों के माध्यम से संत निरंकारी मिशन की शिक्षाओं और मानवीय मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित साध-संगत का मन मोह लिया।
इस अवसर पर गुजरात के सूरत से पधारे केंद्रीय प्रचारक श्री अमृतपाल सिंह जी ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का पावन संदेश संगत तक पहुँचाया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल के समाज के निर्माता हैं। यदि उन्हें बचपन से ही अच्छे संस्कार, आध्यात्मिक शिक्षा और सकारात्मक सोच मिले, तो वे भविष्य में एक आदर्श एवं सुंदर समाज का निर्माण करेंगे।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के जीवन को सही दिशा देने में माता-पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। परिवार में दिए गए संस्कार ही बच्चों के व्यक्तित्व की मजबूत नींव बनते हैं और आगे चलकर उनके जीवन में मील का पत्थर सिद्ध होते हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और सत्संग का वातावरण भी प्रदान करें।
श्री अमृतपाल सिंह जी ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि निरंकारी मिशन से जुड़े बच्चे मिशन की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर नशे एवं अन्य बुरी आदतों से दूर रहते हुए एक अनुशासित, सकारात्मक और सेवा-भाव से परिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे हैं। ऐसे बच्चे अपने श्रेष्ठ कर्मों के माध्यम से समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत एवं कल्याणकारी सिद्ध हो रहे हैं।
समागम के दौरान बच्चों में उत्साह, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला। वहीं उनके अभिभावकों के चेहरे पर सतगुरु के प्रति कृतज्ञता और धन्यवाद का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उपस्थित साध-संगत ने पूरे कार्यक्रम का आनंद लेते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
समागम के समापन अवसर पर चंडीगढ़ ज़ोन के ज़ोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी तथा मोहाली शाखा के इंचार्ज श्री गुलशन लूथरा जी ने केंद्रीय प्रचारक श्री अमृतपाल सिंह जी सहित सभी अतिथियों, आयोजकों, सेवादल, बच्चों एवं उपस्थित साध-संगत का हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।




