18 साल पूरे करने वाले युवा बनवा सकेंगे वोट, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे BLO
गुरदासपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के अंतर्गत गुरदासपुर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर और 6 दिसंबर 2026 को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का आयोजन जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर आदित्य उप्पल के नेतृत्व में किया जाएगा।

जानकारी देते हुए जिला चुनाव अधिकारी आदित्य उप्पल ने बताया कि दोनों निर्धारित तिथियों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान आम नागरिक नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम चेक कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान जो पात्र नागरिक मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण नहीं करवा सके, वे इन विशेष कैंपों के दौरान नई वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
1 जनवरी 2027 तक 18 साल पूरे करने वाले युवा बनवाएं वोट
जिला चुनाव अधिकारी ने युवाओं से अपील की कि जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे इन कैंपों में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
वोटर लिस्ट में नाम और फोटो भी करवा सकेंगे ठीक
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिन मृतक मतदाताओं के नाम अभी तक मतदाता सूची से नहीं हटाए गए हैं, उनके संबंध में फॉर्म नंबर 7 के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थान बदलकर आने या जाने वाले मतदाताओं के लिए फॉर्म नंबर 8 के माध्यम से आवेदन करवाया जाएगा।
इसके अलावा जिन मतदाताओं की फोटो मतदाता सूची में सही नहीं है या ब्लैक एंड व्हाइट है, वे भी कैंप के दौरान अपनी फोटो अपडेट करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पात्र नागरिकों से कैंपों का लाभ उठाने की अपील
जिला चुनाव अधिकारी आदित्य उप्पल ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 22 नवंबर या 6 दिसंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचें और मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। यदि किसी का नाम सूची में दर्ज नहीं है या किसी प्रकार की गलती है, तो संबंधित BLO के माध्यम से आवश्यक आवेदन करवाएं।
इन विशेष कैंपों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।




