HomePunjabगुरुपर्व पर स्वर्ण मंदिर में उमड़ी संगत, तड़के से दर्शन के लिए...

गुरुपर्व पर स्वर्ण मंदिर में उमड़ी संगत, तड़के से दर्शन के लिए लगी कतारें

अमृतसर: श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह से ही सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश-विदेश से पहुंची संगत ने अमृत वेले पवित्र सरोवर में स्नान कर गुरु घर में माथा टेका और सरबत के भले की अरदास की।

गुरुपर्व को लेकर पूरे श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर गुरु साहिब के दर्शन कर रहे हैं। पवित्र गुरबाणी और शबद कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

पवित्र सरोवर में स्नान कर संगत ने की अरदास

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया। संगत ने गुरु साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर परिवारों की सुख-शांति, मानवता की भलाई और विश्व में अमन-शांति के लिए प्रार्थना की।

नगर कीर्तन में उमड़ी थी भारी संगत

प्रकाश पर्व से एक दिन पहले श्री अकाल तख्त साहिब से भव्य नगर कीर्तन सजाया गया। इसमें पांच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। नगर कीर्तन के दौरान गतका पार्टियों, स्कूलों के विद्यार्थियों, बैंड पार्टियों और शबद कीर्तन जत्थों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।

शाम को होगी दीपमाला और विशेष धार्मिक आयोजन

गुरुपर्व के मुख्य अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय साहिब में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शाम के समय दीपमाला और आतिशबाजी के साथ प्रकाश पर्व की खुशियां मनाई जाएंगी।

गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी प्रासंगिक

श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एकता, समानता, प्रेम और सेवा का संदेश दिया। उनके तीन प्रमुख सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी पूरी दुनिया को सच्चाई, मेहनत और मिल-बांटकर रहने की प्रेरणा देते हैं।

गुरुपर्व के इस पावन अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब में उमड़ी संगत गुरु साहिब के प्रति अटूट श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular