HomePunjabभाजपा-अकाली गठबंधन को केवल सिंह ढिल्लों ने बताया पंजाब के लिए ऐतिहासिक...

भाजपा-अकाली गठबंधन को केवल सिंह ढिल्लों ने बताया पंजाब के लिए ऐतिहासिक कदम

चंडीगढ़, 24 नवंबर (नरिंदर चावला)। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा का स्वागत करते हुए पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इसे पंजाब के भविष्य, शांति, विकास और खुशहाली की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन राज्य को दोबारा देश के अग्रणी और खुशहाल राज्यों की श्रेणी में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में हुई गठबंधन की घोषणा पंजाब की राजनीति को नई दिशा देगी। यह साझेदारी केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई है।

पंजाब में कानून-व्यवस्था बहाल करना प्राथमिकता

ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा शासन में नशा, गैंगस्टरवाद, फिरौती, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था ने पंजाब के हालात चिंताजनक बना दिए हैं। गैंगस्टरों की ओर से फिरौती के लिए आने वाली कॉल और आपराधिक घटनाओं के कारण आम लोगों में डर का माहौल है।

उन्होंने कहा कि भाजपा-अकाली दल गठबंधन की प्राथमिकता पंजाब में कानून-व्यवस्था बहाल करना और गैंगस्टरों तथा आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना होगा।

नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का दावा

नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज नशे की समस्या घर-घर तक पहुंचने का आरोप लगाया जा रहा है। पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना और राज्य को नशामुक्त बनाना भाजपा की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा।

युवाओं को रोजगार और कर्मचारियों को अधिकार देने का वादा

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि बेरोजगारी के कारण पंजाब के युवा विदेश जाने के लिए मजबूर हैं। गठबंधन की ओर से उद्योगों, स्टार्टअप, खेलों और कौशल विकास को बढ़ावा देकर राज्य में ही रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और कच्चे कर्मचारियों से किए गए वादे पूरे करने में विफल रही है। महंगाई भत्ते (डीए) की किस्तें बकाया हैं और कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा-अकाली दल की सरकार बनने पर कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की बहाली को प्राथमिकता दी जाएगी।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

ढिल्लों ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के पास पंजाब के विकास को लेकर कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर 1984 की घटनाओं को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पंजाब के लोग उन घटनाओं को कभी नहीं भूल सकते। उनके अनुसार कांग्रेस की राजनीति सत्ता संघर्ष तक सीमित है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी और जनहितैषी नीतियों को लेकर भाजपा और अकाली दल जनता के बीच जाएंगे। केंद्र और राज्य में बेहतर तालमेल के जरिए पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गठबंधन का स्वागत

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गठबंधन की घोषणा का विशेष महत्व है। गुरु साहिब की शिक्षाएं हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सर्वजन के कल्याण का संदेश देती हैं। भाजपा और अकाली दल भी पंजाब में आपसी भाईचारे को मजबूत करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।

अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल का इस फैसले के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा और अकाली दल मिलकर पंजाब को फिर से शांति, विकास और खुशहाली के रास्ते पर ले जाने के लिए काम करेंगे।

The Freeway Eagle | www.thefreewayeagle.com

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular