चंडीगढ़/लुधियाना, 5 मई | रिपोर्टर: नितिन:- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के अनुरूप पंजाब पुलिस को आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए लुधियाना अब राज्य का तीसरा शहर बन गया है, जहां इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लागू किया गया है। इससे पहले जालंधर और मोहाली में यह सिस्टम स्थापित किया जा चुका है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) गौरव यादव ने लुधियाना में अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत शहर में निगरानी को मजबूत करने के लिए 259 स्थानों पर लगभग 1700 हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं।
डीजीपी ने कहा कि शहर में 46 जगहों पर स्थापित ITMS के जरिए ट्रैफिक नियमों के 9 प्रकार के उल्लंघनों की पहचान की जा सकेगी। इनमें रेड लाइट जंप करना, स्टॉप लाइन का उल्लंघन, बिना हेलमेट वाहन चलाना, पीछे बैठे व्यक्ति का हेलमेट न पहनना, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन, गलत दिशा में वाहन चलाना और गलत पार्किंग शामिल हैं।
ग्राउंड-जीरो दौरे के दौरान लुधियाना पहुंचे डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह ICCC प्रोजेक्ट आधुनिक और प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र में ट्रैफिक, पुलिस कंट्रोल रूम (PCR), सेफ सिटी और वायरलेस यूनिट सहित कई विभागों को एक ही छत के नीचे लाया गया है, जिससे बेहतर तालमेल सुनिश्चित होगा। इसके साथ ही PCR की प्रतिक्रिया समय को 15 मिनट से घटाकर लगभग 7-8 मिनट कर दिया गया है।
इस मौके पर पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वपन शर्मा और डीआईजी लुधियाना रेंज सतिंदर सिंह भी मौजूद रहे। डीजीपी ने फील्ड अधिकारियों के साथ बैठक कर जन शिकायतों के त्वरित और नागरिक-केंद्रित समाधान पर विशेष जोर दिया।
आपसी समन्वय और एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीजीपी गौरव यादव ने पुलिस लाइंस में आयोजित ‘बड़े खाने’ के दौरान 550 से अधिक पुलिस कर्मियों के साथ भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुलिस बल के बीच भाईचारे और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं।
इस दौरान डीजीपी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में एसएसपी लुधियाना (ग्रामीण) अंकुर गुप्ता, एसएसपी एसबीएस नगर तुषार गुप्ता, एसएसपी खन्ना दर्पण आहलूवालिया और डीजीपी के स्टाफ ऑफिसर ऋषभ भोला सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।




