मोहाली, 21 जून 2026 (नरिंदर चावला): सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की विभिन्न शाखाओं में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर आधारित कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
चंडीगढ़ जोन के ज़ोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि संत निरंकारी मिशन की मोहाली फेस-6, मोहाली टीडीआई सिटी, एसएनएसबी सेक्टर-30 चंडीगढ़, मनीमाजरा, पंचकूला सहित ट्राइसिटी क्षेत्र के लगभग सभी संत निरंकारी सत्संग भवनों में योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र में सैकड़ों प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज अपने प्रवचनों में अक्सर ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ का संदेश देते हुए बताती हैं कि मानव शरीर निरंकार प्रभु की अमूल्य देन है, जिसकी देखभाल और संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने योग को दीर्घायु, मानसिक शांति और सफल जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) रही। इस विषय ने शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन के महत्व को रेखांकित किया। इसी भावना के अनुरूप संत निरंकारी मिशन ने योग को आत्मजागृति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का सशक्त माध्यम बताते हुए जन-जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव आदरणीय श्री जोगिन्दर सुखीजा जी के अनुसार मिशन द्वारा देशभर के 1500 से अधिक केंद्रों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संवर्धन, मानसिक संतुलन तथा आध्यात्मिक चेतना को प्रोत्साहित करना था।
मोहाली शाखा के इंचार्ज श्री गुलशन लूथरा जी ने योग शिविर में शामिल सभी प्रतिभागियों, योग प्रशिक्षकों एवं सेवादल स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक प्रभावशाली जीवन पद्धति है।
निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित यह जनकल्याणकारी अभियान समाज को स्वास्थ्य, जागरूकता, आत्मिक उन्नति और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए समग्र कल्याण का संदेश प्रदान करता है।




