कपूरथला, 21 जून 2026 (हरमिंदर सिंह)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन द्वारा कपूरथला जोन सहित विभिन्न शाखाओं में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से संपन्न हुआ।
संत निरंकारी मिशन के जोनल इंचार्ज आदरणीय गुलशन लाल आहूजा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि संत निरंकारी सत्संग भवन कपूरथला, सुल्तानपुर लोधी, लखन के पड्डे तथा कपूरथला जोन की सभी शाखाओं में योग दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर सभी ने स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज अपने विचारों में अक्सर ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ का उल्लेख करते हुए बताती हैं कि मानव शरीर निरंकार प्रभु की अनमोल देन है, जिसकी देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का मूल कर्तव्य है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रही, जिसने यह संदेश दिया कि वास्तविक स्वास्थ्य शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन का समन्वित स्वरूप है। इसी भावना के अनुरूप संत निरंकारी मिशन ने योग को आत्मजागृति, सकारात्मक सोच और जीवन में अनुशासन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बताया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव आदरणीय जोगिन्दर सुखीजा जी के अनुसार, मिशन द्वारा देशभर के 1500 से अधिक केंद्रों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वास्थ्य संवर्धन, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना था।
निरंकारी मिशन का यह जनकल्याणकारी अभियान समाज को स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए समग्र कल्याण का संदेश प्रदान करता है। योग दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।




