HomePunjabदरबार साहिब से नितिन नबीन का पंजाब दौरा शुरू, बोले- महाराजा रणजीत...

दरबार साहिब से नितिन नबीन का पंजाब दौरा शुरू, बोले- महाराजा रणजीत सिंह के सपनों का पंजाब बनाएंगे

अमृतसर/चंडीगढ़, 20 जून (नारिंदर चावला) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तीन दिवसीय पंजाब दौरे की शुरुआत सचखंड श्री हरिमंदर साहिब (दरबार साहिब) में माथा टेककर की। इस दौरान उन्होंने पंजाब की सुख-शांति, समृद्धि और विकास के लिए अरदास की तथा कहा कि सभी का लक्ष्य महाराजा रणजीत सिंह के सपनों के अनुरूप एक विकसित और खुशहाल Punjab का निर्माण करना है।

श्री हरिमंदर साहिब में नतमस्तक होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह ने पंजाब को सुशासन और विकास की एक विशिष्ट पहचान दी थी। आज आवश्यकता है कि उसी सोच और विरासत को आगे बढ़ाते हुए पंजाब को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि उन्हें पंजाब की पवित्र धरती पर आकर गुरु घर में माथा टेकने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने पंजाब के लोगों की खुशहाली, शांति और तरक्की के साथ-साथ पूरे देश में अमन-चैन और भाईचारे की भावना मजबूत होने की प्रार्थना की।

नितिन नबीन ने कहा कि वह गुरु गोविंद सिंह जी की जन्मस्थली पटना साहिब से आते हैं, जो उनकी कर्मभूमि भी है। उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदर साहिब का इतिहास और गौरव पंजाब को विश्वभर में विशेष पहचान दिलाता है और यही प्रेरणा उन्हें पंजाब के विकास के लिए कार्य करने की ऊर्जा प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और भाजपा चाहती है कि पंजाब भी विकास के मानकों पर अग्रणी राज्यों में शामिल हो। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विकास की किरणें पंजाब के हर गांव, शहर और मोहल्ले तक पहुंचेंगी।

जलियांवाला बाग में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ऐतिहासिक जलियांवाला बाग का दौरा किया और वर्ष 1919 के नरसंहार में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “जलियांवाला बाग के शहीद अमर रहें” तथा “भारत माता की जय” के नारे लगाकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ स्थल में भी टेका माथा

अमृतसर प्रवास के दौरान नितिन नबीन ने दुर्गियाना मंदिर में माथा टेककर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रार्थना की। उन्होंने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इसके बाद उन्होंने श्री राम तीर्थ स्थल पहुंचकर भगवान वाल्मीकि जी को नमन किया और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में उनके योगदान को स्मरण किया।

भाजपा कोर कमेटी के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

अमृतसर दौरे के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीति और पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

नितिन नबीन शनिवार दोपहर श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, इकबाल सिंह लालपुरा, सुनील जाखड़, विजय सांपला, अश्वनी शर्मा, श्वेत मलिक सहित कई वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पंजाब दौरे के पहले दिन धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ संगठनात्मक बैठकों ने भाजपा की पंजाब में सक्रिय राजनीतिक तैयारियों का स्पष्ट संकेत दिया है। आगामी दिनों में उनके विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments