खन्ना, 20 अगस्त: खन्ना की होनहार बेटी रिधम पठानिया ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-2 (AIR-2) हासिल कर शहर और पंजाब का नाम देशभर में रोशन किया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने रिधम की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी।
मंत्री सोंद ने कहा कि रिधम पठानिया की सफलता पूरे खन्ना और पंजाब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन, दृढ़ संकल्प और प्रतिभा के दम पर देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर यह साबित किया है कि मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि रिधम की यह उपलब्धि पंजाब की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। आज बेटियां शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रशासन, सेना और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। रिधम ने भी अपनी सफलता से यह संदेश दिया है कि पंजाब की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर किसी से पीछे नहीं हैं।
कैबिनेट मंत्री सोंद ने पठानिया परिवार को बधाई देते हुए कहा कि रिधम की सफलता में उनके माता-पिता और परिवार के सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसी उपलब्धियां युवाओं को मेहनत और समर्पण के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना की कि रिधम पठानिया भविष्य में भी निरंतर सफलता प्राप्त करें और देश व पंजाब का नाम रोशन करती रहें।




