पंचकूला, 14 नवंबर 2026 (नरिंदर चावला)। संसार का हर मनुष्य अपने जीवन और परिवार में स्थायी सुख-शांति चाहता है, लेकिन वास्तविक सुख धन-दौलत, आलीशान मकान या बड़े परिवार से नहीं, बल्कि जीवन में गुरमत अर्थात् गुरु की शिक्षा को अपनाने से मिलता है। यह विचार संत निरंकारी मंडल, दिल्ली के सचिव श्री जोगिंदर सुखेजा जी ने पंचकूला के सेक्टर-21 में क्षेत्रीय संचालक चंडीगढ़ श्री करनैल सिंह भुल्लर जी के नए निवास स्थान पर आयोजित निरंकारी संत समागम की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।
सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन आशीर्वाद से आयोजित इस समागम में श्री सुखेजा जी ने कहा कि चाहे शरीर रूपी घर हो या ईंट-गारे से बना मकान, जहां गुरु की मत का वास होता है, वहां प्रेम, सम्मान, सद्भावना और बरकत बनी रहती है। ऐसे वातावरण में राग-द्वेष, आपसी मनमुटाव और कलह-क्लेश के लिए कोई स्थान नहीं रहता।
उन्होंने कहा कि सत्गुरु ब्रह्मज्ञान देकर मनुष्य को प्रेमपूर्वक जीवन जीने की कला सिखाते हैं और भक्तों को शिकायतों से निकालकर शुक्राने की भावना से जोड़ते हैं।
रावण और शबरी के प्रसंग से समझाया गुरमत का महत्व
दीवाली के संदर्भ में रावण और शबरी के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि रावण के पास सोने की लंका, अपार धन-संपत्ति, शक्ति और ज्ञान था, लेकिन उसके जीवन में गुरमत का अभाव था। इसके विपरीत शबरी के पास साधारण कुटिया और सीमित साधन थे, फिर भी उसकी भक्ति और समर्पण ने उसके जीवन को महान बना दिया। भगवान श्रीराम ने उसे नवधा भक्ति का उपदेश दिया, जिसमें पहली भक्ति संतों का संग बताया गया है।
उन्होंने कहा कि इतिहास से सीख लेकर गुरमत को जीवन में अपनाना ही सच्ची समझदारी है। मनुष्य को अपनी मेहनत से आगे बढ़ना चाहिए और संसार के सुख-साधनों का आनंद भी लेना चाहिए, लेकिन जीवन की दिशा निर्धारित करने का आधार हमेशा गुरु की मत होनी चाहिए।
माया हाथ में रहे, मन में नहीं
गुरु की महिमा बताते हुए श्री सुखेजा जी ने कहा कि गुरु को सबसे बड़ा दाता इसलिए माना जाता है, क्योंकि वह अपने शिष्य को अपनी मत प्रदान करते हैं। कबीर जी के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने समझाया कि पारस लोहे को सोना बनाता है, जबकि गुरु अपने शिष्य को अपने समान बना देता है।
उन्होंने बरकत का अर्थ समझाते हुए कहा कि मनुष्य को जो भी प्राप्त हो, उसमें संतोष और शुक्राने की भावना रखनी चाहिए। आगे बढ़ने का प्रयास अवश्य करना चाहिए, लेकिन असीमित इच्छाओं के पीछे भागकर जीवन की शांति नहीं खोनी चाहिए। माया मनुष्य के हाथ में रहनी चाहिए, मन में नहीं।
केवल प्यार करना नहीं, बल्कि प्यार बनना जरूरी
सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सत्गुरु बार-बार संदेश दे रहे हैं कि केवल प्यार करना ही नहीं, बल्कि स्वयं प्यार बन जाना है। जब मनुष्य के भीतर प्रेम का भाव स्थायी हो जाता है, तब उसके व्यवहार में नफरत, ईर्ष्या और दुर्भावना के लिए कोई जगह नहीं बचती।
उन्होंने निरंकारी मिशन की प्रेम और सम्मान की भावना का उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम प्रत्येक व्यक्ति में निरंकार के दर्शन करते हैं और सभी के प्रति आदर-सत्कार रखते हैं, तो अहंकार समाप्त होता है तथा जीवन में विनम्रता और सद्भावना आती है।
समागम में भुल्लर परिवार के रिश्तेदारों, मित्रों, पड़ोसियों और बड़ी संख्या में ब्रह्मज्ञानी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। अंत में चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने समस्त साधसंगत की ओर से सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के चरणों में अरदास की कि भुल्लर परिवार सेवा, सत्संग और सिमरन के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे तथा पूरे परिवार का जीवन सुखमय और आनंदमय बना रहे।




