HomeTop Newsजालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर धमाका, पंजाब में हाई अलर्ट

जालंधर में BSF मुख्यालय के बाहर धमाका, पंजाब में हाई अलर्ट

अमृतसर में भी संदिग्ध विस्फोट से बढ़ी चिंता, NIA समेत कई एजेंसियां जांच में जुटीं

रिपोर्टर: नितिन | The Freeway Eagle जालंधर, 6 मई 2026:- पंजाब के जालंधर में मंगलवार देर शाम बीएसएफ (BSF) मुख्यालय के बाहर हुए संदिग्ध धमाके ने पूरे राज्य में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है। बीएसएफ चौक के पास खड़े एक स्कूटर में अचानक विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

घटना के कुछ घंटों बाद अमृतसर के खसा क्षेत्र में सेना से जुड़े संवेदनशील इलाके के पास भी एक कम तीव्रता वाला विस्फोट होने की खबर सामने आई। लगातार दो घटनाओं के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जालंधर के बीएसएफ चौक के पास खड़ा स्कूटर अचानक तेज धमाके के साथ आग की लपटों में घिर गया। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटर एक डिलीवरी कर्मचारी का था, जो बीएसएफ मुख्यालय में पार्सल देने पहुंचा था। सुरक्षा कारणों से उसे अंदर प्रवेश नहीं मिला, जिसके बाद उसने स्कूटर बाहर खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद वाहन में विस्फोट हो गया। घटना में चालक को मामूली चोटें आई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध युवक विस्फोट के तुरंत बाद वहां से भागता दिखाई दिया है। जांच एजेंसियां उसकी पहचान करने में जुटी हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी जांच में शामिल हो गई है।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि शुरुआती जांच में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क और अन्य संदिग्ध संगठनों की भूमिका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इधर, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एक खालिस्तानी समर्थक संगठन ने सोशल Media के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद जालंधर, अमृतसर और अन्य संवेदनशील जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सरकारी भवनों और सैन्य प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात तक कई इलाकों में तलाशी अभियान जारी रहा।

राजनीतिक स्तर पर भी इस घटना को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने पंजाब सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य की सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां फॉरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments