लुधियाना, 15 मई (नितिन मनोचा): पंजाब राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष सुरिंदर कल्याण ने शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय में बैठक कर सिविल अस्पताल और विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक के दौरान सुरिंदर कल्याण ने सहायक सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. हरप्रीत सिंह के साथ सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। इस दौरान कर्मचारियों से वेतन, भविष्य निधि (PF), ईएसआई (ESI) तथा ठेकेदारों द्वारा दी जा रही अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया गया। साथ ही सफाई कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों और कल्याण को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
सुरिंदर कल्याण ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब भर में इस तरह की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि जमीनी स्तर पर सफाई कर्मचारियों को आने वाली समस्याओं को समझकर उनका समाधान किया जा सके।
उन्होंने अस्पतालों में स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आयोग उनके कल्याण के लिए लगातार आवश्यक कदम उठा रहा है।
बैठक के बाद सुरिंदर कल्याण ने सिविल अस्पताल का दौरा भी किया और वहां कार्यरत सफाई कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी ली।




