HomePunjabराजपुरा में विशाल सैनी सम्मेलन, हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने पंजाब...

राजपुरा में विशाल सैनी सम्मेलन, हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना

नलास मंदिर में माथा टेककर की प्रदेश की खुशहाली की कामना, बोले- पंजाब के लोग अब बदलाव चाहते हैं

राजपुरा (सुशील कुमार सिंधी):- राजपुरा के नलास पैलेस में पहली बार आयोजित किए गए विशाल सैनी सम्मेलन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में सैनी समाज के हजारों लोगों की उपस्थिति ने समाज की एकजुटता, संगठन और सामाजिक शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस अवसर पर समाज के प्रमुख नेता जगमोहन सैनी एवं उनकी टीम ने मुख्यमंत्री का भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नलास स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर में माथा टेककर पंजाब, हरियाणा और देश की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए सैनी समाज के सामाजिक योगदान, एकता और राष्ट्र निर्माण में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए हैं और पंजाब के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन आम लोगों को जमीनी स्तर पर अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने नशा खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने जैसे वादे किए थे, लेकिन जनता को उम्मीदों के अनुरूप परिणाम नहीं मिले।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और पंजाब के लोग भी अब डबल इंजन सरकार की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनी समाज और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) देश की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले डेढ़ वर्ष में 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने पंजाब सरकार को भी अपने कार्यकाल के दौरान दी गई नौकरियों का पूरा विवरण जनता के सामने रखने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अकाली दल, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को अवसर दे चुकी है, लेकिन अब लोगों की उम्मीदें भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी और विकास, रोजगार तथा सुशासन का नया अध्याय शुरू होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments