लुधियाना, 21 जून 2026 (अमित अरोड़ा): सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की विभिन्न शाखाओं में योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में लुधियाना के सांगोवाल स्थित भारत नगर चौक, न्यू अमन नगर में भी योग दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
निरंकारी प्लानिंग बोर्ड के वाइस चेयरमैन संत हरभजन सिंह चावला तथा संयोजक संत लाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्तों, सेवादल स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज अपने विचारों में अक्सर “स्वस्थ मन, सहज जीवन” का संदेश देते हुए शरीर को निरंकार प्रभु की अमूल्य देन बताते हैं। उनका कहना है कि शरीर को स्वस्थ रखना प्रत्येक व्यक्ति का मूल कर्तव्य है और दीर्घायु, सक्रिय तथा सफल जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसने शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन के महत्व को रेखांकित किया। संत निरंकारी मिशन ने भी इसी भावना के अनुरूप योग को आत्मजागृति, अनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का प्रभावी माध्यम बताते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
संयोजक संत लाल सिंह ने बताया कि मिशन द्वारा देशभर के 1500 से अधिक केंद्रों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना था।
निसंदेह संत निरंकारी मिशन द्वारा चलाया गया यह जनकल्याणकारी अभियान समाज को स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हुए समग्र कल्याण का संदेश देता है।




