चंडीगढ़, 23 जून (नरेंद्र चावला)। हॉकी चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर-42 स्थित हॉकी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस एवं स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत, वंदे मातरम् तथा खिलाड़ियों के परिचय के साथ हुई। इसके उपरांत 17 से 23 जून तक आयोजित चंडीगढ़ सीनियर पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप-2026 के फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिलहोत्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष अनिल वोहरा, महासचिव सिमरदीप कौर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
इस दौरान चंडीगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। राज्यपाल प्रो. अशिम कुमार घोष ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिलहोत्रा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और ओलंपिक मूल्यों—उत्कृष्टता, मित्रता एवं सम्मान—को समाज में बढ़ावा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हॉकी चंडीगढ़ खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी शहर को हॉकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारियों, कोचों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या ने भाग लिया। समारोह का समापन केक कटिंग, धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ किया गया।




