खन्ना, 03 जुलाई (नितिन मनोचा)।:- पुलिस जिला खन्ना में कानून व्यवस्था को मजबूत करने, ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खन्ना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया (आईपीएस) के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिलेभर में बुलेट मोटरसाइकिलों पर लगाए गए अवैध साइलेंसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 150 अवैध साइलेंसर जब्त किए गए, जिन्हें शुक्रवार को अमलोह चौक, खन्ना में सार्वजनिक रूप से बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले सैकड़ों वाहन चालकों के चालान भी किए गए।
यह कार्रवाई केवल अवैध साइलेंसर हटाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून का उल्लंघन कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पिछले कुछ समय से पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में पटाखे फोड़ते हैं। इससे बाजारों में खरीदारी करने वाली महिलाओं, बुजुर्गों, हृदय रोगियों, छोटे बच्चों तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार अचानक तेज आवाज के कारण सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान जिलेभर में वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों चालान किए गए। वहीं लगभग 150 अवैध साइलेंसर जब्त कर शुक्रवार को अमलोह चौक में सार्वजनिक रूप से नष्ट किए गए, ताकि लोगों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े और भविष्य में कोई भी इस प्रकार का उल्लंघन करने से पहले कई बार सोचे।
अवैध मॉडिफिकेशन करने वाले मैकेनिक भी रडार पर
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने स्पष्ट किया कि यह अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। अगले चरण में उन वर्कशॉप, गैराज और मैकेनिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, जो वाहनों में अवैध साइलेंसर लगाते हैं या अन्य प्रकार की गैरकानूनी मॉडिफिकेशन करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यकतानुसार मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के साथ-साथ ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई जरूरी है, जो इस तरह के अवैध बदलाव कर कानून के उल्लंघन को बढ़ावा देते हैं।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
एसएसपी ने अभिभावकों से भी विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। यदि कोई नाबालिग अवैध साइलेंसर लगाकर या तेज आवाज में पटाखे फोड़ते हुए पाया जाता है तो कानून के अनुसार उसके अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
लोगों ने बताया समय की जरूरत
शहरवासियों ने खन्ना पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से अवैध साइलेंसरों की तेज आवाज लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। बाजारों, रिहायशी इलाकों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास इस तरह की हरकतों से आम लोगों को असुविधा होती थी। पुलिस की इस कार्रवाई से युवाओं में ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भावना मजबूत होगी और कानून का डर भी कायम रहेगा।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अभियान के दौरान डीएसपी ट्रैफिक करमवीर सिंह तूर, ट्रैफिक इंचार्ज कुलजीत सिंह सहित ट्रैफिक पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की।
कानून तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी राहत
पुलिस जिला खन्ना की यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक अनुशासन लागू करने और ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध साइलेंसर, गैरकानूनी वाहन मॉडिफिकेशन और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार का विशेष अभियान जारी रहेगा।




