राजपुरा/शंभू (सुशील कुमार सिंधी): शंभू थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को एक देसी पिस्तौल और एक मैगजीन सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर एसएचओ शंभू के नेतृत्व में पुलिस टीम अंबाला-राजपुरा हाईवे पर गांव मोहम्मदपुर के पास स्थित शंभू बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान अंबाला की ओर से पैदल आ रहे दो युवकों को संदेह के आधार पर रोककर उनकी तलाशी ली गई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र जोगा सिंह, निवासी गांव लोपोके, थाना लोपोके, जिला अमृतसर तथा रविंदरजीत सिंह पुत्र मनजिंदर सिंह, निवासी गांव लद्देवाल, थाना घरिंडा, जिला अमृतसर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान गुरविंदर सिंह के कब्जे से एक देसी पिस्तौल तथा रविंदरजीत सिंह के पास से एक मैगजीन बरामद हुई। इस संबंध में थाना शंभू में एफआईआर नंबर 116, दिनांक 5 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(1-बी)(ए), 27, 54 और 59 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद देसी पिस्तौल कहां से लाई गई थी, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




