खन्ना, 19 जुलाई नितिन मनोचा | द फ्रीवे ईगल) भगवान श्री जगन्नाथ जी की 10वीं भव्य रथ यात्रा रविवार को खन्ना में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। इस्कॉन फेस्टिवल कमेटी, खन्ना द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे शहर में “हरे कृष्ण, हरे राम” के जयघोष गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए रथ के साथ चलते नजर आए।
रथ यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ जी की पूजा-अर्चना कर रथ को आगे बढ़ाया तथा श्रद्धालुओं के साथ रथ की रस्सी खींचकर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह, यादविंदर सिंह यादू, नगर कौंसिल खन्ना के अध्यक्ष जतिंदर पाठक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश गुप्ता, उपाध्यक्ष कर्मजीत सिंह सहित आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पार्षद एवं शहर की प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
जगह-जगह हुआ स्वागत, लगे लंगर
रथ यात्रा के मार्ग पर शहरवासियों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा लंगर, प्रसाद, शरबत और ठंडे मीठे जल की सेवा लगाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ की रस्सी खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया। यात्रा मार्ग को रंग-बिरंगी सजावट, धार्मिक ध्वजों और फूलों से आकर्षक रूप दिया गया था।
देर रात तक गूंजता रहा हरे कृष्ण संकीर्तन
इस्कॉन फेस्टिवल कमेटी द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने संकीर्तन, नृत्य और भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का आनंद लिया। देर रात तक पूरा शहर कृष्णमय वातावरण में डूबा रहा।
38 वर्षों से जारी है रथ यात्रा की परंपरा
इस्कॉन प्रचार केंद्र के प्रतिनिधियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (ISKCON) चंडीगढ़ पिछले लगभग 38 वर्षों से विभिन्न शहरों में भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्राओं का सफल आयोजन कर रहा है। इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण की कृपा, परम पूज्य श्री श्रीमद् गोपाल कृष्ण गोस्वामी महाराज के आशीर्वाद और सभी भक्तों के सहयोग से खन्ना में लगातार 10वीं बार भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आयोजित की गई।
उन्होंने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ वर्षभर मंदिर में भक्तों को दर्शन देते हैं, लेकिन रथ यात्रा के दिन वे स्वयं नगर भ्रमण पर निकलते हैं, ताकि प्रत्येक व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के उनके दर्शन कर सके। वैदिक शास्त्रों के अनुसार भगवान के रथ के दर्शन करना और रथ की रस्सी खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे पदाधिकारी व श्रद्धालु
इस अवसर पर इस्कॉन फेस्टिवल कमेटी, खन्ना के मुख्य संरक्षक परम पूज्य भक्तिवेदांत रुक्मिणी कृष्ण गोस्वामी महाराज, जोनल सचिव महामनस दास अधिकारी, सह-अध्यक्ष अंकुर नंदन दास, चेयरमैन पवन सचदेवा (प्रिय गोविंद दास), अध्यक्ष ओम प्रकाश सचदेवा, जनरल सेक्रेटरी हरविंदर कुमार (शंटू) सहित कमेटी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।




