HomePunjabबरनाला लाठीचार्ज: घायलों से मिले ढिल्लों, ₹10 हजार की सहायता

बरनाला लाठीचार्ज: घायलों से मिले ढिल्लों, ₹10 हजार की सहायता

चंडीगढ़, 28 जुलाई | नरेंद्र चावला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायल कर्मचारियों का हालचाल जाना और 13 घायलों को अपने स्तर पर इलाज के लिए ₹10,000-₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की।

इससे पहले केवल सिंह ढिल्लों नगर निगम कार्यालय में चल रहे सफाई कर्मचारियों के धरने में भी पहुंचे और उन्हें भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी उनके संघर्ष में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।

ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अक्सर लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन को नागरिकों का अधिकार बताते रहे हैं, लेकिन आज उनकी सरकार में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों और महिलाओं पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में कई कर्मचारियों के सिर फट गए, जबकि कई की टांगों और कंधों में गंभीर चोटें आई हैं।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे मेहनतकश कर्मचारियों का सम्मान किया जाना चाहिए। लेकिन सरकार उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय उन पर बल प्रयोग कर रही है।

सरकार पर लगाए वादाखिलाफी के आरोप

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम चुनावों के दौरान भी सफाई कर्मचारियों के साथ विश्वासघात किया गया।

उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले खन्ना में मनरेगा कर्मचारियों और पटियाला में बेरोजगार युवाओं पर भी इसी तरह लाठीचार्ज किया गया था।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंजाब सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में घायल कर्मचारियों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है। अस्पतालों में एक्स-रे मशीनें बंद पड़ी हैं और डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी इस मामले में पंजाब के राज्यपाल से भी मुलाकात कर चुकी है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर स्तर पर सफाई कर्मचारियों के साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने सरकार से मांग की कि घायल कर्मचारियों को उचित मुआवजा दिया जाए, लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और कर्मचारियों की मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

अंत में ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की जनता सरकार द्वारा किए गए हर अत्याचार और हर लाठीचार्ज का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments