HomePunjabराजपुरा में बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर हरदयाल सिंह कंबोज का सरकार पर हमला

राजपुरा में बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर हरदयाल सिंह कंबोज का सरकार पर हमला

रिपोर्टर : सुशील कुमार सिंधी | राजपुरा

राजपुरा के पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज ने सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में पंजाब सरकार और स्थानीय पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राजपुरा शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ते अपराधों के कारण आम नागरिकों में भय का माहौल है और लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि 22 जुलाई 2026 को निकाली गई भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान लगभग 100 लोगों की जेबें काटी गईं, जबकि कई महिलाओं के कानों से बालियां भी छीनी गईं। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक यात्रा में राजपुरा के अलावा अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कई वीवीआईपी शामिल हुए थे। ऐसे आयोजन में इस प्रकार की घटनाएं होना पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में थाने के आसपास के इलाकों में भी लगातार स्नैचिंग, मोबाइल छीनने और चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। गुरु अर्जन देव कॉलोनी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा प्लॉट बेचने के बाद घर में रखे लगभग 20 लाख रुपये चोरी हो गए, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

हरदयाल सिंह कंबोज ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या पुलिस अधिकारियों को केवल सत्ता पक्ष के इशारों पर कार्रवाई करने के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि राजपुरा में कानून-व्यवस्था की ऐसी स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली।

नशे के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि पहले की तुलना में नशे का कारोबार बढ़ा है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने सरकार के नशा खत्म करने के दावों को निराधार बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी पूर्व विधायक ने सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कचहरियों से लेकर नगर परिषद कार्यालय तक आम लोगों को अपने कार्य करवाने के लिए रिश्वत देनी पड़ रही है और बिना पैसे दिए काम नहीं हो रहे।

प्रेस वार्ता के अंत में हरदयाल सिंह कंबोज ने राज्य सरकार से राजपुरा में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, नशे के कारोबार और भ्रष्टाचार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता आने वाले समय में सरकार को इसका जवाब देगी।

(नोट: यह समाचार पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज द्वारा प्रेस वार्ता में दिए गए बयानों और आरोपों पर आधारित है।)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments