अमृतसर | 5 अगस्त | डॉ. गौरव कुमार। पिंगलवाड़ा संस्थान के संस्थापक एवं महान समाजसेवी भगत पूरन सिंह जी की 34वीं पुण्य स्मृति को समर्पित कार्यक्रमों का शुभारंभ अमृतसर स्थित पिंगलवाड़ा मुख्य कार्यालय (बस स्टैंड के निकट) में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
इस अवसर पर ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा चैरिटेबल सोसायटी (रजि.) तथा संस्थान के अधीन संचालित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सहयोग से समारोह आयोजित किया गया। प्रसिद्ध रंगकर्मी केवल धालीवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनका स्वागत मुख्य सेवादार डॉ. इंद्रजीत कौर एवं पिंगलवाड़ा परिवार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत गुरबाणी एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
समारोह में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, अंधाधुंध वृक्षों की कटाई और बढ़ते प्रदूषण जैसे विषयों पर आधारित प्रभावशाली नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि केवल धालीवाल ने कहा कि भगत पूरन सिंह जी का जीवन और उनके विचार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा इन्हें विद्यालयों के पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अपनी रंगमंच टीम में शामिल करने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि वर्षों पहले भगत पूरन सिंह जी की पर्यावरण संबंधी चेतावनियों पर गंभीरता से अमल किया गया होता, तो आज पर्यावरण संकट इतना गहरा नहीं होता।
मुख्य सेवादार डॉ. इंद्रजीत कौर ने बताया कि वर्ष 2027 को भगत पूरन सिंह जी की पर्यावरण जागरूकता शताब्दी वर्ष के रूप में भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वर्षभर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान संगत ने भूजल एवं अन्य जल स्रोतों को प्रदूषित करने वालों के विरुद्ध कड़े कानून बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण और शोध को बढ़ावा देने के लिए विशेष पर्यावरण विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग भी उठाई। समारोह का संचालन छात्राओं जसप्रीत कौर और महकप्रीत कौर ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी श्रद्धालुओं को गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
रिपोर्ट
डॉ. गौरव कुमार
Probationary District Correspondent (Stringer)
The Freeway Eagle
जंडियाला गुरु, जिला अमृतसर, पंजाब




