HomePunjabपटियाला में 270 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ₹2 लाख...

पटियाला में 270 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ₹2 लाख ड्रग मनी बरामद

स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पटियाला, 3 नवंबर (सुशील सिंधी): पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत पटियाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 270 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 2 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।

पटियाला के एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस ने बताया कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के दिशा-निर्देशों और डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चाहल के निर्देशों पर नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसपी (जांच) राजेश छिब्बड़, डीएसपी (जांच) गुरवीर सिंह गिल और सीआईए पटियाला के इंचार्ज सिमरजीत सिंह शेरगिल की अगुवाई में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार गागट पुत्र राजपाल निवासी न्यू बिशन नगर, थाना लाहौरी गेट, पटियाला और विनोद कुमार उर्फ गंजा पुत्र किशोरी लाल निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी, बाना, बिशन नगर, थाना लाहौरी गेट, पटियाला के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों को स्विफ्ट डिजायर कार नंबर PB11DP-2870 में सवार होने के दौरान गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर कार से 270 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

एसएसपी के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को एएसआई तेजिंदर सिंह सीआईए पटियाला की पुलिस पार्टी के साथ पुराने बस स्टैंड पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रोहित कुमार गागट और विनोद कुमार उर्फ गंजा स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर अपने ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करने आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को कार समेत काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नशीला पदार्थ और नकदी बरामद हुई।

इस मामले में थाना लाहौरी गेट, पटियाला में मुकदमा नंबर 194, दिनांक 02.11.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत केस दर्ज किया गया है।

रोहित के खिलाफ पहले से 8 मामले दर्ज

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहित कुमार गागट के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न स्थानीय एवं विशेष कानूनों के तहत जिला पटियाला के अलग-अलग थानों में करीब 8 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह कई बार जेल जा चुका है और दो मामलों में उसे सजा भी हो चुकी है।

वहीं, दूसरे आरोपी विनोद कुमार उर्फ गंजा के खिलाफ भी पहले से दो मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी पिछले 6-7 महीनों से मिलकर हेरोइन बेचने का काम कर रहे थे।

पुलिस रिमांड लेकर खंगाला जाएगा नेटवर्क

एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी किन लोगों को हेरोइन सप्लाई करते थे और नशीला पदार्थ कहां से खरीदकर लाते थे।

इसके अलावा पुलिस उनके सप्लाई नेटवर्क, ग्राहकों और अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच करेगी, ताकि नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular