एडीसी पूनम सिंह ने ड्रेनेज विभाग को सभी ड्रेनों की तुरंत सफाई के दिए आदेश
लुधियाना, 14 मई (नितिन) | आगामी मानसून सीजन को देखते हुए लुधियाना प्रशासन ने संभावित बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पूनम सिंह ने जिला प्रशासनिक परिसर और सभी सब-डिवीजन स्तर पर 24×7 बाढ़ कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि जून महीने के मध्य के बाद किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत निगरानी रखी जा सके।
इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में एडीसी जगराओं मनजीत सिंह चीमा और एडीसी खन्ना जशनप्रीत कौर गिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कंट्रोल रूम के लिए स्टाफ ड्यूटी रोस्टर तैयार करने और वरिष्ठ अधिकारियों की रोटेशनल ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि निगरानी और राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी पूनम सिंह ने कहा कि प्रशासन मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें मजबूत बनाने के निर्देश दिए, ताकि जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को व्यापक इमरजेंसी प्लान तैयार करने, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा। इसके साथ ही निकासी योजनाओं को अंतिम रूप देने और जरूरत पड़ने पर लोगों के पुनर्वास के लिए सुरक्षित स्थान निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए।
एडीसी ने खाद्य एवं आपूर्ति, सिंचाई, बिजली, ड्रेनेज, नगर निगम, स्वास्थ्य, पंचायत और पुलिस विभागों को आपसी तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ड्रेनेज विभाग को जिले की सभी ड्रेनों की तुरंत सफाई शुरू करने के आदेश जारी किए गए, ताकि जलभराव और बाढ़ के खतरे को कम किया जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से भी मानसून के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




