लुधियाना, 15 मई (नितिन): पंजाब चाइल्ड राइट्स कमीशन द्वारा बच्चों के अधिकार, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सरकारी प्राइमरी School, ग्यासपुरा में ‘नन्हे कदम’ पहल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पंजाब चाइल्ड राइट्स कमीशन की वाइस चेयरपर्सन गुंजीत रुची बावा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान गुंजीत रुची बावा ने करीब 500 विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा से जुड़े रहने, किसी भी प्रकार के शोषण या उपेक्षा के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने स्कूलों में सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया।
इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विशेष जानकारी दी गई और विद्यार्थियों व शिक्षकों को जरूरत पड़ने पर इस सेवा का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार में आने वाले बदलावों को पहचानने और समय रहते सहायता उपलब्ध करवाने के लिए भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में स्कूल के हेड टीचर जगरूप सिंह और समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं ‘आस एहसास’ एनजीओ की ओर से विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के सुरक्षित, जागरूक और सशक्त भविष्य के संकल्प के साथ किया गया।




