नई दिल्ली | 15 मई 2026 | रिपोर्टर – नितिन, द फ्रीवे ईगल:- देशभर में आज से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब ₹3 प्रति लीटर तक की वृद्धि की है, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। लंबे समय बाद हुए इस बड़े बदलाव का असर परिवहन, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।
सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने नई दरें लागू कर दी हैं। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत लगभग ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और अन्य महानगरों में भी ईंधन के दामों में वृद्धि दर्ज की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण भारत में ईंधन महंगा हुआ है। भारत अपनी जरूरत का लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, इसलिए वैश्विक बाजार में तेल की कीमत बढ़ने का सीधा असर घरेलू पेट्रोल-डीजल के दामों पर पड़ता है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए रेट
- दिल्ली: ₹97.77 प्रति लीटर
- मुंबई: ₹106.68 प्रति लीटर
- कोलकाता: ₹108.74 प्रति लीटर
- चेन्नई: ₹103.67 प्रति लीटर
प्रमुख शहरों में डीजल के नए रेट
- दिल्ली: ₹90.67 प्रति लीटर
- मुंबई: ₹99.67 प्रति लीटर
- कोलकाता: ₹93+ प्रति लीटर
- चेन्नई: ₹95+ प्रति लीटर
पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने से ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ेगा, जिसका असर फल-सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बस किराया, टैक्सी किराया और ऑनलाइन डिलीवरी चार्ज भी बढ़ सकते हैं।
ईंधन मूल्य वृद्धि की खबर सामने आते ही कई शहरों में लोग देर रात तक पेट्रोल पंपों पर लाइन में लगे दिखाई दिए। सोशल Media पर भी लोगों ने सरकार और तेल कंपनियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
आर्थिक जानकारों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो आने वाले समय में एलपीजी गैस सिलेंडर और सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है। ऐसे में आम आदमी की जेब पर महंगाई का असर और बढ़ने की आशंका है।




