HomePunjabमान सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप, भाजपा कोर्ट जाएगी: सुनील...

मान सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप, भाजपा कोर्ट जाएगी: सुनील जाखड़

चंडीगढ़, 19 मई (नरिंदर चावला):- पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र बड़ी संख्या में रद्द करके लोकतंत्र की हत्या की गई है। जाखड़ ने साफ कहा कि भाजपा इस मामले को अदालत में लेकर जाएगी और किसी भी कीमत पर चुनाव “लूटने” नहीं देगी।

चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुन-चुनकर भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन रद्द किए हैं। उन्होंने कहा कि बटाला में 21, मोगा में 10, बरनाला में 11 और धूरी में 3 भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज किए गए हैं। इसके अलावा अन्य स्थानीय निकायों में भी इसी तरह की कार्रवाई हुई है।

जाखड़ ने कहा कि बिना किसी ठोस आधार के उम्मीदवारों के नामांकन रद्द करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव कराने की बजाय सरकारी अधिकारी सत्ताधारी दल के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुछ समय पहले आप नेता मनीष सिसोदिया द्वारा कही गई “साम, दाम, दंड, भेद” की राजनीति अब पंजाब में खुलकर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे अधिकारियों का पूरा रिकॉर्ड तैयार कर रही है जो सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए जाखड़ ने कहा कि उन्हें लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने बिजली तारों को अंडरग्राउंड करने वाली परियोजना पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस परियोजना के टेंडर की जांच होनी चाहिए, क्योंकि यह योजना उस पूर्व बिजली मंत्री के समय मंजूर हुई थी जो फिलहाल भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में हैं।

उन्होंने दावा किया कि सरकार से जुड़े कई भ्रष्टाचार के मामले जल्द सामने आएंगे और चंडीगढ़ के आसपास के सीएलयू मामलों पर भी जांच एजेंसियों की नजर है।

किसानों को खाद पर भारी सब्सिडी दे रही केंद्र सरकार: जाखड़

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुनील जाखड़ ने किसानों को दी जा रही खाद सब्सिडी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खाड़ी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में डीएपी और यूरिया की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार एक किलो यूरिया लगभग 100 रुपये में आयात कर रही है, जबकि किसानों को यह केवल 6 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार यूरिया के हर बैग पर 4250 रुपये और डीएपी के हर बैग पर 3200 रुपये की सब्सिडी दे रही है।

जाखड़ के अनुसार पंजाब में हर साल करीब 6.88 करोड़ बैग यूरिया और 1.30 करोड़ बैग डीएपी की खपत होती है। उन्होंने दावा किया कि इस हिसाब से पंजाब के किसानों को इस वर्ष करीब 32 हजार करोड़ रुपये की खाद सब्सिडी मिलेगी।

उन्होंने किसानों से कृषि विश्वविद्यालयों की सिफारिशों के अनुसार संतुलित मात्रा में खाद इस्तेमाल करने की अपील भी की ताकि मिट्टी की सेहत बनी रहे और अनावश्यक खर्च से बचा जा सके।

भारत में पेट्रोलियम कीमतों में कम बढ़ोतरी का दावा

एक सवाल के जवाब में सुनील जाखड़ ने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में अपेक्षाकृत कम वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि भारत में पेट्रोलियम कीमतों में केवल 3 प्रतिशत वृद्धि हुई, जबकि पाकिस्तान में 42 प्रतिशत, नेपाल में 39.5 प्रतिशत, अमेरिका में 35 प्रतिशत, यूएई में 40 प्रतिशत और श्रीलंका में 33 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों और आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया है। जाखड़ ने कहा कि यह वैश्विक संकट का समय है और राजनीति से ऊपर उठकर सभी को जिम्मेदारी के साथ संसाधनों का उपयोग करना चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments