चंडीगढ़। पंजाब में नगर निगम और नगर परिषद चुनावों को लेकर चुनावी माहौल गर्म हो गया है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पंजाब में 26 मई को 8 नगर निगमों समेत कई नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। चुनाव की तारीख घोषित होते ही विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट नगर निगम क्षेत्रों में चुनाव होंगे। इसके अलावा कई नगर परिषद और नगर पंचायतों में भी वोटिंग कराई जाएगी। चुनाव को लेकर प्रशासन और राजनीतिक दल दोनों पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार उम्मीदवार 13 मई तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 16 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं 19 मई तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
राज्य चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे तथा मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
नगर निगम चुनावों को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं द्वारा लगातार बैठकों का दौर जारी है। उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी स्तर पर मंथन किया जा रहा है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ये चुनाव आगामी विधानसभा चुनावों से पहले काफी अहम साबित हो सकते हैं। शहरी क्षेत्रों में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए सभी दल पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं।




