HomeCrimeविजिलेंस ब्यूरो ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते बीडीपीओ को रंगे हाथ...

विजिलेंस ब्यूरो ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते बीडीपीओ को रंगे हाथ किया गिरफ्तार

चंडीगढ़/लुधियाना, 6 मई (नितिन मनोचा):-पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला लुधियाना के ब्लॉक मलौद में तैनात ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) सुखजीत कौर को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी अधिकारी की गिरफ्तारी गांव सोहियां, जिला लुधियाना के निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गांव में प्रस्ताव पास कर गली में इंटरलॉक टाइलें लगाने और ड्रेन निर्माण का कार्य करवाया गया था। जब उसने संबंधित बिल पास करवाने के लिए बीडीपीओ सुखजीत कौर से संपर्क किया तो अधिकारी ने बिल पास करने के बदले 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मजबूरी में उसे मौके पर ही 5,000 रुपये देने पड़े, जबकि आरोपी अधिकारी ने बाकी 10,000 रुपये भी जल्द देने के लिए कहा।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि कार्यकारी इंजीनियर, लुधियाना द्वारा बीडीपीओ मलौद को पत्र जारी कर गांव सोहियां में खेल मैदान के उद्घाटन से पहले दो दिनों के भीतर ग्राम पंचायत को अपने स्तर पर जमीन समतल करवाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद ग्राम पंचायत ने अपने खर्चे पर मैदान समतल करवाने का कार्य कराया।

जब शिकायतकर्ता ने खेल मैदान समतल करने और घास/पौधे लगाने के कार्य का बिल पास करवाने के लिए संपर्क किया तो आरोपी बीडीपीओ ने फिर से 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी कर ली थी।

रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो यूनिट लुधियाना से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी बीडीपीओ को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस ब्यूरो थाना लुधियाना में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments