HomePunjabलुधियाना में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, 15 मई से शुरू होगा...

लुधियाना में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, 15 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे

लुधियाना, 6 मई:(नितिन मनोचा)लुधियाना जिला प्रशासन ने जनगणना 2027 के तहत घरों की सूचीकरण प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला जनगणना अधिकारी-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पूनम सिंह ने बुधवार को बताया कि जिले में 15 मई से 13 जून तक विशेष घर-घर सर्वे अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के लिए करीब 9,000 गणनाकर्ताओं की नियुक्ति की गई है, जो प्रत्येक घर तक पहुंचकर जरूरी जानकारी एकत्र करेंगे।

पूनम सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि घरों की सूचीकरण प्रक्रिया जनगणना का सबसे अहम चरण है। इसके तहत नागरिकों के रहन-सहन, बुनियादी सुविधाओं और घरेलू संसाधनों से जुड़ी विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी, ताकि भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को बेहतर ढंग से तैयार किया जा सके।

उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान 33 प्रमुख बिंदुओं पर आधारित प्रश्नावली के माध्यम से जानकारी ली जाएगी। गणनाकर्ता घरों की स्थिति और संरचना, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई ईंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का रिकॉर्ड तैयार करेंगे। इसके अलावा परिवार की संरचना, मकान की स्वामित्व स्थिति, मोबाइल फोन, इंटरनेट सुविधा, वाहन और अन्य घरेलू संपत्तियों से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी।

एडीसी पूनम सिंह ने कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े सरकार को जनकल्याणकारी योजनाओं को सही तरीके से लागू करने और विकास योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा तैयार करने में मदद करेंगे। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे गणनाकर्ताओं को सही जानकारी दें और इस राष्ट्रीय अभियान में पूरा सहयोग करें।

उन्होंने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने को कहा गया है।

पूनम सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनगणना कार्य में लापरवाही या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित प्रावधानों के तहत दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की कैद और आर्थिक जुर्माने का प्रावधान भी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments