HomePunjabअमृतसर में 7 जून को लगेगा विशेष मतदाता कैंप, वोटर सूची में...

अमृतसर में 7 जून को लगेगा विशेष मतदाता कैंप, वोटर सूची में नाम सत्यापन का मिलेगा मौका

अमृतसर, 1 जून। जिला चुनाव अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर अमृतसर आईएएस श्री दलविंदरजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 7 जून 2026 (रविवार) को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप का उद्देश्य वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मौजूदा मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया को तेजी से पूरा करना है।

जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि अमृतसर जिले में कुल 19,71,604 मतदाताओं में से अब तक 17,38,253 मतदाताओं (88.16 प्रतिशत) की वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ सफलतापूर्वक मैपिंग की जा चुकी है। हालांकि अभी भी 2,33,351 मतदाता अनमैप्ड हैं, जिन्हें इस अभियान के दौरान कवर किया जाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने बताया कि पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी के निर्देशों के अनुसार यह विशेष कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर लगाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।

मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि कैंप वाले दिन सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं को आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर अपनी मैपिंग संबंधी प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।

राजनीतिक दलों और नागरिकों से सहयोग की अपील

जिला चुनाव अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा उनके बूथ लेवल एजेंटों (BLA) से भी अपील की है कि वे इस एक दिवसीय विशेष अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन का पूरा सहयोग करें।

उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे 7 जून को आयोजित होने वाले इस विशेष कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने मतदाता रिकॉर्ड की जांच एवं सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की परेशानी न आए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments