HomePunjabखन्ना में करोड़ों के ड्रग्स रैकेट के सरगना गुरदीप राणो की अवैध...

खन्ना में करोड़ों के ड्रग्स रैकेट के सरगना गुरदीप राणो की अवैध कोठी पर चला बुलडोजर

खन्ना, 1 जून। पंजाब सरकार द्वारा नशा मुक्त पंजाब के लक्ष्य को लेकर चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत खन्ना में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। करोड़ों रुपये के ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े कुख्यात तस्कर और पूर्व सरपंच गुरदीप सिंह राणो की अवैध रूप से निर्मित आलीशान कोठी के एक बड़े हिस्से को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GLADA) और खन्ना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे ऑपरेशन की निगरानी स्वयं एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया की अगुवाई में की गई।

11 कनाल 11 मरले में बनी थी आलीशान कोठी

जिला नगर योजनाकार (रेगुलेटरी) ग्लाडा प्रदीप कुमार ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य प्रशासक ग्लाडा विकास हीरा के निर्देशों और सरकार की नीतियों के अनुरूप यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि गांव राणो, तहसील पायल में स्थित करीब 11 कनाल 11 मरले क्षेत्र में बनी कोठी का बड़ा हिस्सा नियमों का उल्लंघन कर बनाया गया था।

ग्लाडा अधिकारियों की टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। कार्रवाई में कानून अधिकारी, एसडीई, जेई और अन्य तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहे।

खन्ना पुलिस ने संभाला मोर्चा

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कोठी के आसपास कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया के निर्देश पर खन्ना पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर शांतिपूर्ण ढंग से ऑपरेशन को अंजाम दिया।

गुरदीप राणो पर दर्ज हैं 10 आपराधिक मामले

डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि गुरदीप सिंह राणो के खिलाफ नशा तस्करी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत 10 मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की नीति स्पष्ट है कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि सरकार केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

2020 में STF ने 5 किलो हेरोइन के साथ किया था गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2020 में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गुरदीप सिंह राणो को करीब 5 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जिसके तार कथित तौर पर सीमा पार तक जुड़े बताए गए थे।

नशा माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक अवैध इमारत को गिराने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा माफिया के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संदेश है। यदि कोई व्यक्ति नशे के अवैध कारोबार से संपत्ति अर्जित करता है तो उसे कानून के तहत जवाबदेह ठहराया जाएगा।

नशा मुक्त पंजाब के लिए प्रतिबद्ध है पुलिस

एसएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों के तहत पंजाब पुलिस नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए भी विशेष अभियान चला रही है।

जनता में बढ़ा विश्वास

खन्ना में हुई इस बड़ी कार्रवाई को ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे नशा तस्करों में डर का माहौल पैदा हुआ है, वहीं आम लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है कि सरकार और पुलिस नशा मुक्त पंजाब के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments