500 ड्रोन से आसमान में दिखेगा श्री गुरु रविदास महाराज जी का जीवन और संदेश
खन्ना (लुधियाना), 15 सितंबर: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष ड्रोन शो का आयोजन 16 सितंबर, बुधवार को शाम 5:30 बजे ए.एस. मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खन्ना के ग्राउंड में किया जाएगा। इस दौरान करीब 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ान भरकर श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी और महान शिक्षाओं को रोशनी के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
ड्रोन शो की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज खन्ना की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. दर्पण आहलूवालिया और उप मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) श्रीमती स्वाती टिवाणा ने आयोजन स्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 500 ड्रोन एक साथ आसमान में विभिन्न आकृतियां और दृश्य बनाते हुए श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी तथा उनकी महान शिक्षाओं पर आधारित विशेष प्रस्तुति देंगे। यह ड्रोन शो क्षेत्रवासियों के लिए एक अनूठा और यादगार अनुभव होगा।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं एसडीएम स्वाती टिवाणा ने संबंधित विभागों को दर्शकों के लिए स्वच्छ पेयजल, लंगर, बैठने की व्यवस्था, मेडिकल टीमों की तैनाती, ग्राउंड की साफ-सफाई और निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
परिवार सहित ड्रोन शो देखने की अपील
एसएसपी खन्ना और एसडीएम खन्ना ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों सहित इस विशेष ड्रोन शो में शामिल हों तथा श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को याद करते हुए इस अनूठी प्रस्तुति का आनंद लें।
लुधियाना जिले में होंगे 7 ड्रोन शो
पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व को समर्पित लुधियाना जिले में कुल 7 ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।
- 16 सितंबर: ए.एस. मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड, खन्ना
- 17 सितंबर: अनाज मंडी, पायल
- 18 सितंबर: सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल (लड़के) ग्राउंड, साहनेवाल
- 19 सितंबर: एथलेटिक/फुटबॉल ग्राउंड, पी.ए.यू., लुधियाना
- 20 सितंबर: दाखा स्कूल ग्राउंड, दाखा
- 21 सितंबर: अनाज मंडी, रायकोट
- 22 सितंबर: नई अनाज मंडी, जगरांव
खन्ना में 16 सितंबर को होने वाला यह ड्रोन शो श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और संदेश को आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक विशेष पहल होगी।




