HomePunjabमौलीजागरा में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान

मौलीजागरा में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान

मौली कॉम्प्लेक्स पार्क में जागरूकता मुहिम, लोगों ने पुलिस को सहयोग का भरोसा दिया

चंडीगढ़, मनीमाजरा, (सुशील कुमार सिंधी)।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को तेज करते हुए मौलीजागरा थाना पुलिस ने रविवार को मौली कॉम्प्लेक्स पार्क में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी मोहित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पुलिस कर्मचारियों के साथ अर्धसैनिक बलों के जवानों ने भी हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि इसका सीधा असर परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के नशे की खरीद-फरोख्त या सेवन से संबंधित जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

लोगों ने पुलिस को दिया सहयोग का भरोसा

जागरूकता अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पुलिस की मुहिम का समर्थन किया। लोगों ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए वे पुलिस के साथ मिलकर हरसंभव सहयोग करेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वालों और इस गतिविधि में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने का अभियान भी लगातार जारी रहेगा।

अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और आम जनता को मिलकर सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular